बाल विकास व समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा।

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
1जुलाई, 2026

जनपद भ्रमण पर पहुंचे प्रभारी सचिव वीके संत ने बुधवार को विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले आमजन की शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने बाल विकास विभाग का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली और विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद की कोई भी गर्भवती एवं धात्री महिला पंजीकरण से वंचित न रहे तथा सभी पात्र महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद उन्होंने समाज कल्याण विभाग का निरीक्षण कर विभिन्न पेंशन योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही सभी पेंशन योजनाओं से संबंधित अद्यतन आंकड़े उपलब्ध रखने तथा कार्यालय के अभिलेखों एवं पत्रावलियों का सुव्यवस्थित और सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। प्रभारी सचिव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभाग पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए नलिनीत घिल्डियाल, संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *