डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
31 अगस्त, 2026
राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर 205 कोबरा बटालियन परिसर में बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं उत्साहवर्धक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रीता पंवार रहीं। परिसर पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट नरेश पंवार, द्वितीय कमान अधिकारी अखिलेश एवं द्वितीय कमान अधिकारी अजीत समेत बटालियन के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान, महिला अतिथिगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।बच्चों के लिए जलेबी रेस, दौड़, कोन शटल रेस, रस्साकशी, ग्लास इन द रिंग, हर्डल रेस और पास द कोन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा एवं कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के दौरान परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। मुख्य अतिथि रीता पंवार ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों से जीत-हार की चिंता किए बिना अनुशासन, निरंतर प्रयास, टीम भावना और खेल भावना को महत्व देने की अपील की। कमांडेंट नरेश पंवार ने भी बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी बच्चों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होती है। कार्यक्रम के दौरान “जीत खुशी देती है, लेकिन प्रयास हमें मजबूत बनाता है” का संदेश दिया गया। अभिभावकों से भी बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई। अंत में सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर प्रयास, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने की दिशा में सार्थक पहल साबित हुआ

