डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
24 अक्टूबर, 2026
कुंभ मेला-2027 में श्रद्धालुओं को स्नान की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरिद्वार में 3 किलोमीटर से अधिक लंबाई के नए घाटों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। गंग नहर बंदी की अवधि का उपयोग करते हुए मेला प्रशासन ने इन निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है।
कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका तथा अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बीती रात विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
कुंभ की तैयारियों के तहत सिंचाई विभाग के माध्यम से हरिद्वार से बहादराबाद के बीच 2,966 मीटर कुल लंबाई वाले नौ घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। प्रमुख घाटों में upper गंग नहर के बाएं तट पर कामधेनु घाट (321 मीटर), अमरापुर घाट से ऋषिकुल पुल व आसपास का क्षेत्र (770 मीटर), तथा ऋषिकुल पुल से साक्षी सतनाम घाट के मध्य (735 मीटर) का निर्माण शामिल है, जिसमें जानकी, लक्ष्मण और भरत घाट के हिस्से हैं।
इसके अलावा, नगर निगम कार्यालय के निकट (275 मीटर), बैरागी कैंप क्षेत्र में स्केप चैनल पर (260 मीटर), खड़खड़ी के पास वेदनिकेतन घाट (75 मीटर), बहादराबाद में छठ पूजा घाट (200 मीटर), ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल के पास (300 मीटर) व दुर्गा मंदिर के पास (30 मीटर) घाट का निर्माण प्रस्तावित और जारी है। साथ ही, UIIDB की हरकी पैड़ी पुनर्विकास योजना के तहत CCR भवन से धनुष पुल के बीच 82 मीटर लंबा घाट भी बनाया जा रहा है।
पर्याप्त श्रमिकों, मशीनों और अभियंताओं की तैनाती के साथ दिन-रात कार्य चल रहा है, ताकि कुंभ-2027 के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भीड़ प्रबंधन और स्नान व्यवस्था को सुगम बनाया जा सके।
कुंभ मेला पुलिस तैयारियों की समीक्षा बैठक
हरिद्वार। कुम्भ मेला-2027 की सुरक्षा और व्यवस्थाओं के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आयुष अग्रवाल ने सी.सी.आर. स्थित सभागार में समस्त पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान एसएसपी ने पुलिस बल की तैनाती योजना, ड्यूटी प्रबंधन, खोया-पाया सेल, पार्किंग स्थल, होल्डिंग एरिया, यातायात प्लान, अग्निशमन योजना, आपातकालीन व वैकल्पिक योजनाओं तथा बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही पुलिस विभाग से संबंधित निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में दूरसंचार विभाग और यातायात पुलिस के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता एवं अतिरिक्त मांग पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त, कुंभ क्षेत्र में स्थापित होने वाली पुलिस लाइनों और अस्थाई थानों में पुलिसकर्मियों के रहने हेतु टेंट, पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया गया।
एसएसपी ने सभी शाखा प्रभारियों को प्रचलित कार्यों को समय से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ राजेश भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार विपिन कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंशबहादुर यादव, पुलिस उपाधीक्षक लाइन वेद प्रकाश भट्ट, यातायात पुलिस उपाधीक्षक उमेश मलिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

