रोमियो टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्कूल-कालेजों के आसपास भ्रमण किया

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
5 अक्टूबर, 2026

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सोमवार को जिले भर में एंटी रोमियो टीमों ने अभियान चलाया। टीमों ने विद्यालयों के बाहर और आसपास चेकिंग कर संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। छात्राओं से संवाद कर उन्हें छेड़छाड़, पीछा करने और उत्पीड़न की घटनाओं में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चले अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्कूल-कालेजों के आसपास भ्रमण किया। इस दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों और युवकों की चेकिंग की गई। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना संकोच पुलिस की मदद लें। सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

टीमों ने छात्राओं को 1090 महिला पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने और साइबर अपराधों से बचने के उपाय भी बताए गए। पुलिस ने छात्राओं से अपील की कि किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि अथवा महिला संबंधी अपराध को नजरअंदाज न करें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों के अनुसार महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने के लिए एंटी रोमियो अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *