2 घंटे की बारिश ने उड़ा दिए विकास के दावे। भगत सिंह चौक बना तालाब, निगम का सिस्टम पानी-पानी।

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
18 जुलाई, 2026

धर्मनगरी हरिद्वार में महज दो घंटे की लगातार बारिश ने विकास कार्यों और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।

शहर के व्यस्त भगत सिंह चौक पर भारी जलभराव हो गया, जिससे सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं।
हालात ऐसे बने कि नगर निगम की ओर से लगाए गए पानी निकासी के मोटर भी पानी निकालने में नाकाम साबित हुए।
जलभराव के कारण चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा।

बारिश के बाद जहां मौसम सुहावना हो गया, वहीं जलभराव ने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंसते नजर आए, जबकि पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हर बारिश में भगत सिंह चौक पर यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

उन्होंने नगर निगम और प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *