चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले की तैयारियों के बीच हरिद्वार में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई।

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
04 जून, 2026

अतिक्रमणकारियों पर जमकर बरसा पीला पंजा।

जिला प्रशासन ने चलाया व्यापक अभियान, 150 से अधिक अतिक्रमण हटाए, 16 लोगों के चालान

मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी भूमि, सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त न किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा जाम की स्थिति से बचने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है।

हरिद्वार शहर में दो स्थानों पर चला अभियान

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक (ललतारौ पुल) से अपर रोड क्षेत्र तक तथा उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा के नेतृत्व में भीमगोड़ा बैरियर से जयराम आश्रम होते हुए सुखी नदी क्षेत्र तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

अभियान में नगर निगम, पुलिस, जिला प्रशासन, एसएसबी एवं सेना के जवानों ने भाग लिया। इस दौरान नालियों और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया तथा नालियों के ऊपर बने खोखों और ढाबों को ध्वस्त किया गया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से 100 से अधिक अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में नालियों, फुटपाथों या सार्वजनिक मार्गों पर सामान, निर्माण सामग्री अथवा व्यावसायिक वस्तुएं रखी गईं तो उन्हें तत्काल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

मंगलौर में 10 किलोमीटर क्षेत्र में कार्रवाई

संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि मंगलौर क्षेत्र में लगभग 10 किलोमीटर लंबे हिस्से में सड़क, नालियों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए।

अभियान के दौरान 50 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले 16 लोगों के चालान भी किए गए।

भगवानपुर में गागलहेड़ी रोड पर चला अभियान

उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी के निर्देशन में तहसीलदार दयाराम के नेतृत्व में भगवानपुर नगर पंचायत क्षेत्र के गागलहेड़ी रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सड़क, नालियों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाकर मार्ग को सुचारु बनाया गया। अभियान के दौरान सिटी उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, उप नगर आयुक्त महेंद्र यादव, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मनोज कुमार, सफाई निरीक्षक धीरेन्द्र सेमवाल, श्रीकांत, हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी, एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट सहित नगर निगम, पुलिस और प्रशासनिक विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित, यातायात व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों के सुचारु संचालन को देखते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *