डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
18 जुलाई, 2026
पौधे रोपित कर धरा का किया श्रृंगार।
उम्मीदों का दीप फाउंडेशन ने हरिद्वार में लगाए सैकड़ों पौधे।
पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ उम्मीदों का दीप फाउंडेशन की अध्यक्ष रितु तायल और उनकी टीम ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सैकड़ों पौधे रोपित कर धरती का श्रृंगार किया। फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नीम, हरसिंगार ,बरगद जैसे छायादार पौधों के साथ आम, अमरूद , जामुन और अन्य फलदार पौधे रोपित किए। पौधरोपण के साथ ही सदस्यों ने इनकी देखभाल का संकल्प लिया और आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। कार्यक्रम में फाउंडेशन सदस्यों ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत पूरे देश में वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी कड़ी में उम्मीदों का दीप फाउंडेशन ने उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में पौधे लगाकर अपनी भागीदारी दर्ज कराई है।
वक्ताओं ने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता, समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाना और विकास कार्यों में सहभागिता दर्ज करना है। फाउंडेशन सदस्यों ने समाज सेवा और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लेते हुए लोगों से पर्यावरण बचाने में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान समाजसेविका शशि अग्रवाल, डॉ रागिनी गुप्ता, शालिनी अग्रवाल, नमिता गुप्ता, गीता थरेजा, मेघा अग्रवाल, रंगोली गोयल, पूजा अग्रवाल, विनती जैन, मुदित तायल, अमित अग्रवाल समेत फाउंडेशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

