गंगा स्वच्छता के संकल्प के साथ 30 अक्टूबर को निकलेगी दंडवत यात्रा, चार हजार श्रद्धालु करेंगे दंडवत

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
27 अक्टूबर, 2026

दक्षेश्वर महादेव मंदिर से हरकी पैड़ी तक 5.25 किमी की यात्रा, 31 अक्टूबर को गंगा आरती के साथ होगा समापन।

गंगा स्वच्छता, देश की एकता और अखंडता के संदेश के साथ 30 और 31 अक्टूबर को हरिद्वार में दंडवत यात्रा निकाली जाएगी। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण के महामंडलेश्वर एवं मिश्री मठ के परमाध्यक्ष करौली शंकर दास महाराज के तत्वावधान में आयोजित यात्रा में करीब चार हजार श्रद्धालु दंडवत करेंगे, जबकि लगभग दस हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

मिश्री मठ में पत्रकारों से वार्ता करते हुए करौली शंकर दास महाराज ने बताया कि गंगा सेवा संकल्प के निमित्त इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा 30 अक्टूबर को कनखल स्थित श्री दक्षेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण से सुबह आठ बजे शुरू होगी। इससे पूर्व सुबह साढ़े चार बजे भगवान दक्षेश्वर महादेव का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दक्षेश्वर महादेव मंदिर से हरकी पैड़ी तक निकाली जाने वाली दंडवत यात्रा करीब 5.25 किलोमीटर लंबी होगी। इसे पूरा करने में लगभग 35 घंटे लगेंगे। यात्रा का उद्देश्य देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाना और गंगा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

करौली शंकर दास महाराज ने कहा कि यात्रा पूरी होने के बाद गंगा सफाई अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धरातल पर काम करके गंगा की स्वच्छता के लिए प्रयास किए जाएंगे। यात्रा का समापन 31 अक्टूबर को हरकी पैड़ी पर गंगा आरती के साथ होगा। बताया कि दण्डवत यात्रा पहली यात्रा नहीं है। इससे पूर्व 25 किलोमीटर की दूरी वाली दण्डवत यात्रा का आयोजन दरबार द्वारा किया जा चुका है। इस अवसर पर डॉ. उमेश सचान, अनिरुद्ध भाटी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *