12 नवंबर से शुरू होगा मतदाता सूची पुनरीक्षण, 12543 मतदान केंद्रों का होगा निरीक्षण

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
28 अक्टूबर, 2026

प्रदेश में 12 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2027 शुरू होगा। इसे लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रदेश के सभी 12543 मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया जाए। अधिकारियों के अनुसार जिन केंद्रों के भवन जर्जर हैं, उन्हें नजदीकी सरकारी भवन में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय और रैम्प जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अगले 10 दिन तक मतदाता सूची के परीक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाताओं के नाम, आयु और संबंधी के विवरण की जांच की जाएगी। त्रुटि पाए जाने पर फॉर्म-8 भरने की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर पुनरीक्षण किया जा रहा है। 12 नवंबर को ड्राफ्ट सूची का प्रकाशन होगा। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी और 28 दिसंबर तक सुनवाई होगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *