डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
21 मई, 2026
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न ढाबों का किया निरीक्षण, 12 किलो खुला मसाला नष्ट कराया।
चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में टीम ने सुभाष घाट, कुशावत घाट, दीनदयाल पार्किंग, दिल्ली नेशनल हाईवे एवं रावली महदूद क्षेत्र स्थित ढाबों, कैंटीनों, होटलों और डेयरियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार भी मौजूद रहे। टीम ने कुल 10 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की तथा प्रयोगशाला परीक्षण के लिए 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इनमें पनीर, खुला मसाला, तैयार खाद्य पदार्थ, राजमा साबुत और बेकरी उत्पाद शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत निरीक्षण में कई अनियमितताएं पाई गईं। अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का संग्रहण, खाद्य पदार्थों में बाहरी अखाद्य तत्वों की मौजूदगी, बासी एवं सड़े-गले खाद्य पदार्थों का उपयोग तथा फूड लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर 9 प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
विभागीय टीम ने मौके पर दो ढाबों से करीब चार किलो बदबूदार खुला पनीर और एक ढाबे से 12 किलो खुला मसाला नष्ट कराया। साथ ही खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठान पर फूड लाइसेंस और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

