इश्क बना कत्ल की वजह- बेटी के प्रेमी ने रची साजिश, पिता की हत्या का खुलासा।

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
अप्रैल-29, 2026

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में हुए सनसनीखेज राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर के पीछे पारिवारिक विरोध और अवैध प्रेम संबंध की कहानी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार बिजनौर निवासी राजवीर सिंह अपनी शादीशुदा बेटी के प्रेम संबंधों के खिलाफ थे। बेटी का प्रेमी पंकज कुमार उससे शादी करना चाहता था, लेकिन राजवीर के विरोध के चलते उसने हत्या की साजिश रच डाली।

घटना 27 अप्रैल की है, जब राजवीर सिंह की सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक के बेटे प्रियांशु की तहरीर पर बहादराबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी पंकज कुमार को कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के बाहर से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी छोटे लाल के साथ मिलकर 26 अप्रैल की शाम राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बोंगला अंडरपास के पास खेत में बुलाया और हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, स्प्लेंडर बाइक, मृतक का मोबाइल, पर्स और एटीएम कार्ड बरामद कर लिए हैं।

फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *