देहरादून के प्रेम नगर में देर रात गोलियों की गूंज, लूट के बाद पुलिस-बदमाश मुठभेड़ में एक ढेर। SHO नरेश राठौर घायल। फरार आरोपी की तलाश में सख्त घेराबंदी।

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
अप्रैल-30, 2026

देहरादून थाना प्रेमनगर क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसमें बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर लूटपाट की और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश मारा गया जबकि थाना प्रभारी भी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, 29-30 अप्रैल की रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया है और उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया।

घायल देवराज ने पुलिस को बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों से भरा नीले रंग का बैग लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और विश्रांति की ओर भाग गए।

पुलिस ने तत्काल घायल को प्राथमिक उपचार दिलाकर बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की।

मुठभेड़ के दौरान एक गोली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को लगी, जबकि जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल थाना प्रभारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर लाया गया, जहां से तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षक (शहर) मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस मामले की जांच और पूछताछ में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *