डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
07 जून, 2026
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवारों ने किया पं. श्रीराम शर्मा को पुण्यतिथि पर नमन, भारत रत्न की उठाई माँग
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में संचालित राष्ट्र व्यापी कार्यक्रम *हर महीने प्रथम रविवार दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के नाम अभियान के अन्तर्गत आज देश के 23 प्रान्तों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ ही स्वतंत्रता सेनानी स्मारकों तथा शहीद स्थलों पर पुष्पांजलि समर्पित की गईं। इसी क्रम में हरिद्वार जिले में वटवृक्ष सुनहरा, स्वतंत्रता सेनानी स्तंभ भगवानपुर, लक्सर, रुड़की, बहादराबाद तथा हरिद्वार शहर के साथ-साथ अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल (ज्वालापुर) में भी देश के अन्य सभी स्वतंत्रता सेनानियों के साथ ही पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की पुण्यतिथि पर उन्हें भी नमन किया गया।
मुख्य कार्यक्रम अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क जटवाड़ा पुल, ज्वालापुर में सम्पन्न हुआ, जहाँ प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में नायब तहसीलदार मदन लाल तथा संगठन के अध्यक्ष डॉ० वेद प्रकाश ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया, ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के बाद नायब तहसीलदार मदन लाल, जितेन्द्र रघुवंशी तथा वेद प्रकाश आर्य ने शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा तथा पं श्री राम शर्मा आचार्य के चित्र पर माल्यार्पण किया, तत्पश्चात उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों तथा स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि दी।
उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों को सम्बोधित करते हुए स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने बताया कि 23 प्रान्तों में मातृशक्ति मंच तथा युवा मंच के गठन से स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को एक सूत्र में पिरोने में आशातीत सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि, “हर महीने प्रथम रविवार को उस माह जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जयन्ती या पुण्यतिथि मनाने के क्रम में आज युगपुरुष स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं श्री राम शर्मा आचार्य की 36 वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समर्पित करना बड़ा पुनीत कार्य है।” उन्होंने जानकारी दी कि स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा युग पुरुष पं श्रीराम शर्मा आचार्य को भारत रत्न से अलंकृत करने के लिए भारत सरकार से अनुरोध किया है, क्योंकि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं श्रीराम शर्मा आचार्य ने देश को जगदगुरु बनाने की आधार शिला रखी थी।
ग्रीनमैन विजय पाल सिंह बघेल ने कहा कि, “भारत सरकार को पं. श्रीराम शर्मा आचार्य को उनके जीवनकाल में ही भारत रत्न घोषित करना चाहिए था।” नायब तहसीलदार मदन लाल ने श्रद्धांजलि समर्पित करते हुए कहा कि, “जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से यह देश आजाद हुआ और हमें आज सेवा का अवसर मिला उनके परिवारों का कार्य करके हम अपने आप को गौरवान्वित अनुभव करते हैं।” चेतना पथ सम्पादक अरुण कुमार पाठक ने श्रद्धांजलि समर्पित करते हुए कहा कि देश भर के स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को संगठित करने का जो अप्रतिम प्रयास किया जा रहा है, उससे आने वाली पीढ़ियाँ निश्चितरूप से देशभक्ति की भावना से अनुप्राणित होंगी।” सुरेश चन्द्र सुयाल ने भी स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के द्वारा पं. श्रीराम शर्मा आचार्य को भारत रत्न अवॉर्ड देने के प्रयास की सराहना की।
उक्त कार्यक्रम में अर्जुन सिंह राणा, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य गहलोत, कैलाश चन्द्र वैष्णव, प्रमेश चौधरी, जोगिंद्र तनेजा, वेद प्रकाश आर्य, वीरेन्द्र गहलोत, शिवेन्द्र गहलोत, नरेन्द्र कुमार वर्मा, रमेश चन्द गुप्ता, हरगोविंद तिवारी, बिजेन्द्र सिंह तथा अमित कुमार की भी उपस्थिति रही।

