पितृपक्ष मेले में सेवा का महाभंडारा, रोज 20 हजार श्रद्धालुओं को प्रसाद।

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
27 सितंबर, 2026

पितरों के तर्पण और मोक्ष की कामना लेकर गयाजी पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सेवा में सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं भी पूरी तरह जुटी हैं। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 के अवसर पर विष्णुपद मंदिर परिसर में श्री श्री भीमा शंकर सेवा समिति, गोवाहाटी की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। समिति के सचिव संदीप डोकानियां के नेतृत्व में संचालित इस सेवा शिविर में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

रोज 20 हजार श्रद्धालु कर रहे प्रसाद ग्रहण

समिति के सचिव संदीप डोकानियां ने बताया कि भंडारे में प्रतिदिन करीब 20 हजार श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। सुबह के समय शुद्ध घी में तैयार पूरी, सब्जी और जलेबी परोसी जाती है। वहीं दोपहर में चावल, दाल, सब्जी, पूरी, जलेबी, आलू चिप्स और खीर का प्रसाद श्रद्धालुओं को दिया जा रहा है। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग से फलाहार की व्यवस्था की गई है, ताकि उपवास करने वाले श्रद्धालुओं को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सुबह से रात तक चल रही सेवा

भंडारा सुबह से शुरू होकर रात 9 बजे तक लगातार संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में शुद्ध पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था भी की गई है।सेवा कार्य में समिति के सचिव संदीप डोकानियां के साथ कुणाल अग्रवाल सहित कई स्थानीय सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को भोजन परोसने से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटे हुए हैं।

श्रद्धालु सेवा ही संकल्प

समिति के सदस्यों ने कहा कि पितृपक्ष मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना ही भंडारे का मुख्य उद्देश्य है। श्रद्धा और सेवा के इस आयोजन के माध्यम से समिति श्रद्धालुओं को भोजन, पेयजल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *