अमेरिकन आश्रम की भूमि पर कब्जे का आरोप, प्रबंधक ने प्रशासन से लगाई गुहार।परमजीत कौर बोलीं- शिकायत के बाद भी भूमि कब्जामुक्त नहीं, आश्रम बचाने पर मिल रही धमकियां

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
4 अक्टूबर, 2026

भूपतवाला स्थित चर्चित स्वामी देवानंद भारत भक्ति आश्रम (अमेरिकन आश्रम) की भूमि पर कथित कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। आश्रम की प्रबंधक परमजीत कौर ने भूमाफिया पर आश्रम की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए परमजीत कौर ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने आश्रम की भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से षड्यंत्रपूर्वक दीवार का निर्माण कर लिया। उनका कहना है कि इस संबंध में पुलिस और प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अभी तक भूमि को कब्जामुक्त नहीं कराया गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि आश्रम की भूमि को बचाने का प्रयास करने पर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। परमजीत कौर ने कुछ संतों पर भी कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और आश्रम की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

कनाडा में रह रही आश्रम की स्वामिनी से फोन पर कराई बातचीत

पत्रकार वार्ता के दौरान मौजूद कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने आश्रम की कनाडा निवासी स्वामिनी ईस्टर फ्रीड से व्हाट्सएप कॉल के जरिए बातचीत कराई। इस दौरान आश्रम से संबंधित विभिन्न जानकारियां पत्रकारों के समक्ष रखी गईं। मनोज सैनी ने कहा कि धार्मिक संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आश्रम की स्वामिनी भी प्रशासन से आश्रम की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप पर रोक लगाने की मांग कर चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ भगवा वेशधारी लोग कथित भूमाफिया के साथ मिलकर आश्रम पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। सैनी ने शासन-प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करते हुए आश्रम की संपत्ति पर कब्जे के प्रयास में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *