प्रेस क्लब हरिद्वार ग्रामीण का भव्य उद्घाटन, निष्पक्ष पत्रकारिता को मजबूत करने का लिया संकल्प।

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
17 मई, 2026

ग्राम सराय हरिद्वार में रविवार को प्रेस क्लब हरिद्वार ग्रामीण (रजि०) का विधिवत एवं भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से पहुंचे सैकड़ों पत्रकारों और मीडिया कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान ग्रामीण पत्रकारिता को सशक्त बनाने, निष्पक्ष समाचारों को बढ़ावा देने तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं, जनहित से जुड़े मुद्दों और स्थानीय विकास कार्यों को प्रमुखता से सामने लाने में पत्रकारों की भूमिका बेहद अहम है। वक्ताओं ने कहा कि प्रेस क्लब हरिद्वार ग्रामीण का गठन गांव-देहात की आवाज को प्रशासन और सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने प्रेस क्लब हरिद्वार ग्रामीण की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा एकजुट होकर कार्य करेगा तथा पत्रकारों के बीच आपसी सहयोग और संगठन को मजबूत बनाएगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में प्रेस क्लब के गठन से पत्रकारों को एक साझा और आधिकारिक मंच मिला है, जिसके माध्यम से वे जनसरोकार के मुद्दों को मजबूती से उठा सकेंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार और सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने पत्रकार एकता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी पर विशेष बल दिया। चर्चा के दौरान पत्रकारों ने कहा कि आज पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि समाज के हर वर्ग की समस्याओं को उजागर कर उनके समाधान की दिशा में पहल करना भी मीडिया की जिम्मेदारी बन चुकी है। ग्रामीण प्रेस क्लब के माध्यम से क्षेत्रीय पत्रकारों को एक ऐसा साझा मंच मिला है, जहां से वे संगठित होकर जनहित से जुड़े मुद्दों को और प्रभावी तरीके से उठा सकेंगे।

कार्यक्रम का समापन संगठन को आगे बढ़ाने की रणनीति और आपसी परिचर्चा के साथ हुआ। उपस्थित सभी पत्रकारों ने क्लब को मजबूत बनाने तथा निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को सदैव बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *