भीषण गर्मी में मित्र पुलिस का मानवीय चेहरा, राहगीरों को वितरित किया मीठा शरबत।

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
27 मई, 2026

मई माह की भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली तपिश के बीच जहां आमजन का घर से बाहर निकलना भी कठिन हो गया है, वहीं उत्तराखंड मित्र पुलिस कानून व्यवस्था संभालने के साथ-साथ मानव सेवा का भी सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। इसी क्रम में बहादराबाद क्षेत्राधिकारी संजय चौहान एवं चौकी प्रभारी शांतरशाह उमेश कुमार लोधी के नेतृत्व में विशेष सेवा अभियान चलाकर राहगीरों, वाहन चालकों और आमजन को मीठा शरबत वितरित किया गया है। भीषण गर्मी में चलाए गए इस सेवा अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क से गुजर रहे लोगों को मीठा शरबत पिलाया और गर्मी से राहत पहुंचाई है। पुलिस के इस मानवीय रूप को देखकर लोग भावुक भी नजर आए है। राहगीरों का कहना है कि पुलिस का यह व्यवहार समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला है और इससे आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास, सम्मान और अधिक मजबूत होता है। क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने कहा कि पुलिस केवल अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवता और समाज सेवा के कार्यों में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों की सहायता करना पुलिस का नैतिक दायित्व भी है। इस प्रकार के सेवा कार्यों से आमजन को राहत मिलने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच आपसी संबंध भी मजबूत होते हैं। चौकी प्रभारी उमेश कुमार लोधी ने बताया कि उत्तराखंड पुलिस हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी रहती है। भविष्य में भी इस प्रकार के जनसेवा अभियान जारी रहेंगे ताकि जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाई जा सके। सेवा अभियान के दौरान हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह, कांस्टेबल अंकित, कांस्टेबल प्रजापति, पीआरडी जवान शेखर, शमीम खान, अरमान तथा प्रधान जसविंदर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही और लोगों ने मित्र पुलिस की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *