उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय हरिद्वार में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया।

उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय हरिद्वार में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

डॉ रागिनी गुप्ता, संपादक {हरिद्वार}
17 अगस्त, 2026

राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति के रंग में सराबोर होकर उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। परिसर देशभक्ति गीतों, नारों और तिरंगे की शान से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रमाकान्त पाण्डेय द्वारा मुख्य भवन के समक्ष ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के समय सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ी ने मुख्यातिथि को सलामी दी, पूरा परिसर “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के पश्चात कुलपति प्रो. रमाकान्त पाण्डेय ने समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “पिछले समय में हमारे विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक, शोध और सांस्कृतिक क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार से लेकर आधुनिक विषयों के समन्वय तक विश्वविद्यालय ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। इन उपलब्धियों के पीछे हमारे समर्पित शिक्षकों और कर्मचारियों की मेहनत और निष्ठा का बहुत बड़ा योगदान है।
उन्होंने कहा कि आजादी के इस पुनीत पर्व पर हम सभी को यह संकल्प लेना होगा कि आने वाला पूरा वर्ष हम अपने इस सपनों के विश्वविद्यालय की उन्नति के लिए जी-जान से जुटकर कार्य करेंगे। हमारे छात्रों को 21वीं सदी की चुनौतियों के अनुरूप शिक्षा, संस्कार और संस्कृति का बेहतर माहौल कैसे मिले, इस पर प्रत्येक शिक्षक को निरंतर चिंतन और प्रयास करना होगा।
देश की आजादी का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा, हमारे वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अथाह कष्ट सहे और प्राणों का उत्सर्ग तक कर दिया। हमें उनके बलिदान के महत्व को समझकर राष्ट्र निर्माण और देश के विकास के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य करने की आवश्यकता है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव दिनेश राणा ने विश्वविद्यालय द्वारा पिछले एक वर्ष में अर्जित की गई शैक्षणिक और प्रशासनिक उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रगति में कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों के लंबे समय से रुके हुए पदोन्नति के प्रकरणों को जल्द से जल्द निस्तारित कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा।
समारोह के दौरान शिक्षाशास्त्र विभाग के छात्रों द्वारा प्रस्तुत “वंदे मातरम” गीत ने सभी को भावविभोर कर दिया। छात्रों की स्वर लहरियों ने पूरे माहौल को देशभक्ति से भर दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. प्रकाश पन्त ने किया।
समारोह के अंत में विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे छात्रों को कुलपति प्रो. पाण्डेय ने प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कुलपति ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं छात्रों में प्रतिस्पर्धा और राष्ट्रीय भावना को बढ़ाती हैं।
इस अवसर पर सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल के कमाण्डर राजेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सहायक कुलसचिव सुनील कुमार, कुलपति के निजी सचिव मनोज गहतोड़ी, प्रोफेसर मोहन बलौदी, प्रोफेसर दिनेश चमोला, प्रोफेसर मनोज किशोर पन्त, प्रोफेसर राम रतन खण्डेलवाल, प्रोफेसर विंदुमती द्विवेदी, प्रोफेसर अरविंद नारायण मिश्रा, प्रोफेसर दामोदर परगाई सहित विश्वविद्यालय के सभी सह-आचार्य, सहायक आचार्य, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्पूर्ण कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और शैक्षणिक संकल्प के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *